Monday, June 28, 2010

हरियाणवी युवा भ्रम की स्थिति में

हरियाणवी युवा भ्रम की स्थिति में
डॉ. देवव्रत सिंह,
ऐसोशिएट प्रोफेसर
जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान
कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र
मोबाइल – 0946677499

हट जा ताऊ पाछै नै, नाचण दे जीभर कै नै – ये गीत पिछले दिनों युवाओं में काफी लोकप्रिय हुआ। पुरानी पीढ़ी को पीछे धकेलते युवा जब इस गीत पर धमाल मचाते हैं तो उन्हें लगता है कि वे पुरानी सांस्कृतिक उलझनों को पीछे छोड़ खुल कर जी रहे हैं। नई पीढ़ी की ऊर्जा और जोश को प्रकट होने का मानों एक बहाना मिल गया। लेकिन युवाओं की ये स्वछंद मस्ती दूसरे ही पल हवा भी हो जाती है और बेरोजगारी के भंवर में उलझते युवा घोर निराश, हताश और उदास भी प्रतीत होते हैं। हरियाणवी युवाओं की ये दो सरासर विपरीत मनोवृत्तियां समझने में थोड़ जटिल दिखती हैं।
दरअसल संपन्नता के बावजूद हरियाणवी युवा एक सांस्कृतिक और नैतिक भ्रम के चौराहे पर खड़ा है। सांस्कृतिक संकट के इस दौर में सही और गलत के बीच की दीवार महीन हो चली है। युवाओं ने पुराने आदर्शों को पिछड़ा समझ कर छोड़ दिया है लेकिन नये आदर्शों की तस्वीर अभी साफ नहीं है। बाज़ार ने तो बस एक मंत्र दिया है सफलता की कुंजी अमीरी में छुपी है। इसलिये झटपट पैसे कमाने की जुगत भिड़ाओ। धन कमाने के साधन गलत हों या सही। अमीर बनने के बाद समाज आपको सम्मान देगा। पोपूलर मीडिया की चकाचौंध में रातों-रात फिल्मी अंदाज में अमीर बनने का चस्का युवाओं को अपराध की तरफ धकेल रहा है।
पिछले दस सालों में जमीनों के बेतरतीब भाव बढ़ने से एकाएक नवधनिक किसान का उदय हुआ है जो तेज़ी से समाज में अपनी पहचान बनाना चाहता है। पिछले दिनों एक अमेरीकी ब्रांड के कार शोरूम के मालिक ने बताया कि उनकी बड़ी गाडियों के अधिकांश खरीददार शहरी नहीं ग्रामीण किसान हैं। 15 से 20 लाख कीमत की इन लग्जरी गाडियां लोन से नहीं कैश देकर खरीदी जा रही हैं। और सबसे रोचक बात ये भी कि ये कारें किसान अपने बेटों के दबाव में खरीद रहे हैं। ये अमीर युवा इनके असली चलाने वाले भी हैं। दरअसल, ग्रामीण परिवेश तेजी से नया आकार ले रहा है। अब पैसा होना ही नहीं दिखना भी चाहिए और बेहतर तो ये है कि जितना है उससे अधिक दिखना चाहिए। सादगी पसंद हरियाणा के लोगों ने इससे पहले कभी अपनी कोठियों, गाड़ियों, कपड़ों और आयोजनों में अश्लीलता की हद तक दिखावे पर इतना खर्च नहीं किया जितना अब हो रहा है।
लिंग अनुपात बिगड़ने के कारण युवाओं की शादी में देरी अब आम हो चुका है। हरियाणा के गांवों में कुंवारे लड़कों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बेरोजगार-पढ़ेलिखे-कुंवारों की ये फौज किसी रचनात्मक कार्य की बजाए उत्पाती बन जाए तो ये अस्वाभाविक नहीं कहा जाएगा। ग्रामीण अंचलों में दलित और पिछड़े परिवारों के युवा तेजी से मेहनत के बल पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि पुश्तैनी जमीनदार परिवारों के नौजवान अपने बाप-दादा की जायदाद पर ठाटबाट करने और गांव में रौब कायम करने में मशगूल हैं। गरीब परिवारों की निरंतर बेहतर होती आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक स्थिति को प्रभावशाली जाति के लोगों पचा नहीं पा रहे। सहनशीलता की कमी और इससे पैदा हुई सामूहिक ईर्ष्या मिर्चपुर जैसे जातीय तनाव का कारण बन रही हैं।
हरियाणवी समाज सदियों से अपने बिंदास और बेधड़क सांस्कृतिक माहौल के लिए जाना जाता है। बदले सांस्कृतिक माहौल के बीच प्यार-मौहब्बत में भी युवा असमंजस की स्थिति में देखे जा सकते हैं। पुराने सामाजिक बंधन, नैतिकता और दबाव कमज़ोर हो गये हैं। पुरानी और नई पीढ़ी के बीच के तार टूट रहे हैं। नये आदर्श अभी आकार ले रहे हैं। ऐसे में हरियाणा के सामाजिक जीवन में एक अफरातफरी की स्थिति महसूस की जा सकती है।
हरियाणा अपने जुझारूपन और मेहनत के लिए जाना जाता रहा है लेकिन मेहनत के प्रति नयी पीढ़ी का नजरिया किसी को भी चौंका सकता है। खेतों में अब पूर्व से आये मज़दूर काम करते हैं। युवा मानते हैं कि जिस नौकरी में कम मेहनत और मोटी तनख्वाह है वही सबसे अच्छी है। तकनीकी प्रगति के बावजूद शारीरिक हो या फिर बौद्धिक, कठोर मेहनत के बिना कोई भी पीढ़ी सफलता के चरम पर किसी शोर्टकट के जरिये नहीं पहुंच सकती। नौकरी का बाज़ार अब खुल चुका है। गुणवत्ता और मेहनत के आधार पर आप किसी भी राज्य या देश में नौकरी हासिल कर सकते हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में आप कहां खड़े हैं। बदली परिस्थितियां शानदार अवसर उपलब्ध कराती हैं तो ये अभिशाप भी बन सकती हैं। किसी पीढ़ी का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि लक्ष्य क्या है, उसे हासिल करने की तैयारी कितनी है और वो निरंतर नवीन परिस्थितियों से किस तरह से पेश आती है।

Monday, June 21, 2010

युवा पत्रकार

आज एक भावुक और संवेदनशील मीडिया छात्र से बातचीत करके मुझे पंद्रह साल पहले के अपने वो दिन याद आ गये जब मैंने भी समाज के प्रति अपना फर्ज निभाने के लिए वकील के पेशे को छोड़कर पत्रकारिता की राह चुनी थी। उसकी दिल की बातें सुनकर महसूस हुआ कि जो उलझन उस समय थी वो आज भी कुछ युवाओं की है। परिवार की आर्थिक आवश्यकताएं या समाज की बेहतरी के लिए कुछ कर गुजरना। शायद दो छोर हैं जो निरंतर दूर होते जा रहे हैं। मीडिया में नौकरी चाहे किसी भी सेक्टर में हो अब उन्हें पाना भी और निभाना भी दुरूह बनता जा रहा है। व्यक्ति को निचोड़ डालने वाली इन नौकरियों में युवा चाहकर भी मन की कभी नहीं सुन पाता लेकिन पैसा कमाने की चाह में उसी में बना भी रहता है। अपने सपनों और आकांक्षाओं को दरकिनार करता, पीछे धकेलता अंततः अजीब सी मायूसी में घिर जाता है। जबकि कुछ युवा काफी व्यवहारिक भी हैं और बिना किसी आदर्श के मीडिया में केवल इसलिए आते हैं क्योंकि उन्हें झटपट पैसा कमाना है, शोहरत हासिल करनी है और स्थापित होना है। शायद वे कभी इस प्रकार की भावुक उलझन के शिकार नहीं होते। लेकिन क्या हमें मीडिया में इस प्रकार के स्मार्ट और संवेदनहीन ‘प्रोफेशनल्स’ चाहिएं।

Sunday, June 20, 2010

भविष्य का मीडिया - न्यू मीडिया

1. पिछली सदी में मीडिया के सबसे चर्चित विद्वान मार्शल मैकलुहन ने जब ग्लोबल विलेज की अवधारणा दी थी तो शायद उन्हें ये मालूम नहीं था कि भविष्य में इंटरनेट उनकी इस कल्पना को साकार कर देगा। सन् 1964 में मैक्लुहन ने एक पुस्तक लिखी अंडरस्टैंडिंग मीडिया। इस पुस्तक में उन्होंने ग्लोबल विलेज के अलावा दो और अवधारणाएं भी दी। एक थी मीडियम इज मैसेज। मैक्लुहन का कहना था कि संदेश से भी अधिक महत्वपूर्ण ये है कि लोग किसी माध्यम को ग्रहण करते समय क्या अनुभव करते हैं। इंटरनेट इंटरएक्टिविटी के रूप में यूजर को एक अलग अनुभव देता है। दूसरा मैक्लुहन का कहना था कि मीडिया मनुष्य की इंद्रियों का विस्तार है। कैमरा आंख का। कंप्यूटर दिमाग का। उसी तरह इंटनेट मानवीय संबंधों का विस्तार है।

2. दुनिया में तीन क्रांतिकारी तकनीकों मीडिया का पूरा परिदृश्य बदल कर रख दिया। आजकल मीडिया में कंवर्जेंस घटित हो रहा है। अलग-अलग मीडिया के बीच की दीवारें गिर रही हैं। संचार उपग्रहों ने ग्लोबल संचार को संभव बनाया। डिजिटाइजेशन ने टैक्स्ट, ऑडियो, वीडियो, ग्राफिक्स, एनिमेशन सब को एक प्लेटफार्म पर स्टोर करने, प्रोसेस करने की सुविधा दे दी है। इसी प्रकार ऑप्टिकल फाइबर ने बड़ी मात्रा में डाटा को इधर-उधर भेजना संभव बना दिया है।

3. इंटरनेट ने ना केवल नेटवर्कड सोसायटी को जन्म दिया बल्कि साइबर जगत भी हमारे सामने साकार कर दिया है। एकेडमिक्स में विकीपीडिया एक संदर्भ बन गय है। वो पूरी दुनिया के सामूहिक ज्ञान का प्रतीक बन गय है। मेलिंग सेवा, सर्च इंजिन, सोशल नेटवर्किंग साइट्स हों या फिर यू ट्यूब जैसी वीडियो शेयरिंग साइट सब कुछ नई एकेड्मिक्स के लिए नयी चुनौती भी खड़ी कर रहे हैं तो नयी संभावना भी उपलब्ध करा रहे हैं। साइबर जगत रिसर्च के लिए नये संसार को हमारे सामने खोल रहा है।

4. शुरूआत में न्यू मीडिया के बार में यूजिज एंड ग्रैटिफिकेशन रिसर्च अधिक हो रही थीं। यानी लोग इंटरनेट को कितना, कब और किस लिए प्रयोग कर रहे हैं। न्यू मीडिया की विशेषता इंटरएक्टिविटी पर भी शोध हो रही हैं। इंटरनेट एडिक्शन पर मनोवैज्ञानिक शोध भी एक विषय है। नागरिक पत्रकारिता, सोशल नेटवर्किंग साइट्स का भी अध्ययन हो रहा है। ब्लोग्स का कंटेंट एनालिसिस और न्यू मीडिया रेग्यूलेशन भी नये विषय हैं।

5. सवाल उठता है आखिर न्यू मीडिया है क्या। कुछ लोग इसे साइबर मीडिया, वेब मीडिया, ऑनलाइन मीडिया, इंटरनेट मीडिया या कंवरजेंस मीडिया के नाम से जानते हैं लेकिन एकेडमिशियन इसे न्यू मीडिया कहते हैं।

6. न्यू मीडिया शब्द से ही ऐसा लगता है कि बाकी ऑल्ड मीडिया बन गये हैं। न्यू मीडिया को समझना है तो हमें ये जानना होगा कि आखिर इसमें न्यू क्या है। ये सही मायने में ग्लोबल है यानी पूरी दुनिया में इसके सैंडर भी और रिसिवर भी दोनों मौजूद हैं। कंटेंट भी ग्लोबल है। ये डिजीटल है। न्यू मीडिया की सबसे बड़ी खूबी इसका इंटरएक्टिव होना है। यानी यूजर से हर कदम पर न्यू मीडिया एक्टिव होने उम्मीद करता है। ये पहला मीडिया है जो एक ही प्लेटफोर्म पर सब तरीके के संचार की सुविधा देता है। सैंडर और रिसीवर के बीच की दूरी कम कर दी है। यूजर को भागिदारी की सुविधा देता है। इसीलिये ये अधिक लोकतांत्रिक भी है।

7. न्यू मीडिया मल्टीमीडिया है। इसमें रेडियो, टेलीविजन, सिनेमा, मोबाईल, अखबार सभी कुछ समागया है। इसी लिए इसे कनवर्जेंस मीडिया भी कहते हैं। नये मीडिया में हाइपरलिंक की सुविधा है। यानि अलग पेजों को हाइपरलिंक के जरिये जोड़ा जा सकता है। न्यू मीडिया ने संचार के पुराने मॉडल बदल दिये हैं। इंटरपर्सनल कम्यूनिकेशन में वन टू वन होता है। ग्रुप कम्यूनिकेशन में वन टू मैनी। मैस कम्यूनिकेशन में सम टू मैनी। लेकिन इंटरनेट में संचार मैनी टू मैनी। न्यू मीडिया इंस्टेंट और रीयल टाइम मीडिया है और ये यूजर फ्रैंडली है।

8. विकासशील देशों में न्यू मीडिया नयी किस्म की चुनौतियों के साथ आया है। डिजिटल डिवाइड का खतरा है। दूनिया सूचना संपन्न और सूचना विपन्न लोगों में बंट गयी है। सांस्कृतिक अपच के शिकार हैं कुछ देश। विश्व में इंटरनेट को नियंत्रित करने पर भी बहस है। अभी मेन सर्वर अमेरिका में एक प्राइवेट कंपनी संभालती है तो मांग है कि संयुक्त राष्ट्र इसको नियंत्रित करे। इंफोर्मेशन ऑवरलोड का खतरा है। दरअसल न्यू मीडिया अपने यूजर से एक नये किस्म की मानसिकता की उम्मीद करती है जो ग्लोबल हो। जिसे समझ हो कि उसे क्या, कब और कितनी सूचना चाहिए। साथ ही अन्य संस्कृतियों के प्रति सहनशील हो । ये मनुष्य के नये वर्जन की उम्मीद करती है।

Saturday, May 15, 2010

आज भी देश की अधिकांश जनसंख्या गरीबी से नीचे जीने को मज़बूर हैय़ परंतु देश के कर्णधार निचले दर्जे की राजनीति में मशगूल हैं। हैरानी की बात है की इस सब के बावजूद हर साल चुनावों में ये राजनीतिज्ञ फिर से चुनाव जीत कर संसद पहुंच जाते हैं।

Thursday, May 6, 2010

Tuesday, October 27, 2009

Serials:new wave-by Prabha Khetan

मूलतः प्रकाशितः हंस,स्त्री विमर्शः अगला दौर स्मृति प्रभा खेतान
संपादकः राजेन्द्र यादव,अतिथि संपादकः अर्चना वर्मा,बलवंत कौर
मूल्यः35 रुपये/

भारतीय टेलीविजन में पिक्चर ट्यूब के दम पर पैदा की जानेवाली उत्सवधर्मिता के
बीच पहले बालिका वधू और फिर उसका अनुसरण करते हुए उतरन,लाडो न आना इस देश में
और अगले जनम मोहे बीटिया ही कीजौ जैसे दर्जनों समस्यामूलक सीरियलों के प्रसारण
ने मौजूदा टेलीविजन विश्लेषण के लिए एक नया संदर्भ पैदा किया है। हालांकि समाज
विज्ञान के लिहाज से इन संदर्भों में नया कुछ भी नहीं है लेकिन पिछले सात-आठ
सालों में टीवी सीरियलों में सास-बहू चरित्रों की अतिशयता ने जहां इसे सास-बहू
के प्रतिशोध,घरेलू झगड़ों औऱ विवाहेतर संबधों का पर्याय बना दिया,उच्च मध्यवर्ग
के चरित्रों के बीच आए दिन की बदलती जीवन शैली ,जूलरी और पोशाकों ने इसे
स्त्री-फैशन का संदर्भ कोश भर बनाकर छोड़ दिया,ऐसे में ये संदर्भ अपने आप ही
अप्रासंगिक होते चले गए। इन सीरियलों से गुजरते हुए आप कभी भी स्त्री के वर्गीय
चरित्र,घरेलू हिंसा एवं श्रम और बदलती सामाजिक संरचना के बीच स्त्री जैसे
सवालों पर सोच नहीं सकते। सास-बहू सीरियलों ने स्त्री की छवि और उसकी उपस्थिति
के दायरे को जितना सीमित किया है उसी अनुपात में विश्लेषण के दरवाजे भी छोटे
होते चले गए। लेकिन पिछले एक साल में सास-बहू सीरियलों से अलग स्त्री-चिंता पर
आधारित सीरियलों की जो नयी खेप आयी है,उसे देखते हुए इन सारे सवालों से गुजरना
अनिवार्य लगता है। यहां से टेलीविजन के नए संदर्भ पैदा होते हैं।

मुख्यधारा की मीडिया का अनुसरण करते हुए अगर समस्यामूलक इन सीरियलों को सामाजिक
विकास का माध्यम मान लिया जाए तो टेलीविजन फिर से उन एजेंडे की तरफ लौटता नजर
आता है जिसे कि दूरदर्शन ने शुरु से अपनी प्रसारण नीति के लिए तय कर रखा है।
स्त्री और सामाजिक समस्याओं को लेकर सीरियल प्रसारित करनेवाले निजी चैनल बिल्बर
श्रैम के उन निर्देशों को पालन करते नजर आते हैं जिनके अनुसार विकासशील देशों
में टेलीविजन का अर्थ अनिवार्य रुप से सामाजिक विकास करना है। लेकिन इतना तो हम
भी जानते हैं कि निम्नवर्गीय स्त्रियों पर फीचर दिखाते हुए भी दूरदर्शन ने भी
अपने घाटे की भरपाई के लिए शांति ,स्वाभिमान और वक्त की रफ्तार जैसे सीरियलों
का प्रसारण किया और दूसरी तरफ उपभोक्ता संस्कृति और बाजारवाद के बीच करीब आठ-नौ
सालों से टीवी सीरियल को ‘वूमेन स्पेस’ बनानेवाले चैनल इसे सामाजिक विकास का
माध्यम के तौर पर क्यों प्रसारित करना चाहते हैं? फिर इन दोनों स्थितियों को
जानते-समझते हुए भी मौजूदा टीवी सीरियलों में ऐसा क्या है जो कि इसे सामाजिक
विकास का माध्यम और स्त्री दुनिया को समस्यामूलक विमर्शों के तहत विश्लेषित
करने की ओर से जाते हैं?

पहली बात तो यह कि पिछले सात-आठ सालों में सास-बहू सीरियलों के जरिए टेलीविजन
ने स्त्री की जिस छवि को स्थापित करने की कोशिश की है,जिन घटनाओं को समस्या के
तौर पर उठाने का प्रयास किया है,समस्यामूलक सीरियलों ने उनके बरक्स कहीं बड़ी
समस्याओं को लेकर दर्शकों को बांधने की कोशिश की है। उतरन के भरोसे पल रही
इच्छा,शादी के झूठे दिलासे में ठाकुर के हाथों चंद रुपयों में बेच दी
जानेवाली अगले
जनम मोहे बीटिया ही कीजौकी ललिया, लड़का-बच्चा नहीं जनने की वजह से अम्मां के
घर बहू बनकर रहने का सपना लिए और अब नौकरानी बनकर रहनेवाली न आना लाडो इस देश
में की चंदा(चंदा-इस घर में बहू बनकर आना एक धोखा था और आज इस घर में नौकरानी
बनकर रहना सच है) और बिरजू के नीची जाति की होने की वजह से प्रेम से बेदखल कर
दी जानेवाली मितवा दो फूल कमल के की बेला,ऐसे दर्जनों चरित्र हैं जो कि दर्शकों
की ओर से संवेदना बटोरने के स्तर पर सास के षड्यंत्रों की शिकार पार्वती, रानी
, वैदेही, काकुल और आंचल को बहुत पीछे धकेल देती है। ललिया के मां-बाप और
छोटे-छोटे भाई-बहनों सहित पूरे-पूरे दिन भूखे पेट काटने के आगे,अदना दो ठेकुए
के लिए ‘हमहुं तो छोट जात हैं,हम कहां बामन-पंडित है’ बोलकर अपनी जाति बताने के
आगे,पन्द्रह साल में ही सुगना के विधवा हो जाने के आगे, भरी महफिल में सात साल
की हिचकी और बाद में अठारह साल की हो जानेवाली इच्छा के जलील किए जाने के आगे
और हरियाणा के बीरपुर में अभी-अभी जन्मी बच्ची को जहरीले दूध के हवाले करनेवाली
हजारों मांओं के आगे इन सारी सास-बहू सीरियलों के चरित्रों की तकलीफ दर्शकों के
लिए बहुत स्वाभाविक नहीं रह जाते। जाति,वर्गीय-चरित्र,सामाजिक हैसियत,लिंग-भेद
और सामाजिक कुप्रथा की शिकार इन स्त्री-चरित्रों के आगे, सात-सात,आठ-आठ सालों
से आदर्श बहू,परिवार और विवाह संस्था को बचानेवाली स्त्री-चरित्र दर्शकों के
भीतर संवेदना पैदा करने की ताकत खो देते हैं। अब की ये स्त्री चरित्र टेलीविजन
दर्शकों के लिए ज्यादा स्वाभाविक लगते हैं। सास-बहू सीरियलों को ये चरित्र
मेलोड्रामा करार देते हैं। यहां पर आकर टेलीविजन अपनी आलोचना स्वयं करता नजर
आता है। ऐसे में उत्सवधर्मी सास-बहू सीरियलों और समस्यामूलक सीरियलों के बीच एक
तुलनात्मक स्थिति बनती है जो यह बताती है कि स्त्रियों की समस्याओं का वर्गीय
चरित्र होता है,देश की सारी स्त्रियों को देखने-समझने के एक ही आधार बिंदु तय
नहीं किए जा सकते,स्त्री की पहले बुनियादी चिंता पेट,लिंग-भेद और जातिगत स्तर
पर किए जानेवाले भेदभाव को लेकर है। पहले इसे समझना जरुरी है।

कुछेक हजार में ठाकुर के हाथों बेच दी गयी ललिया अब दक्खिन टोला के बजाय महल
में रहती है लेकिन लाखों रुपये दहेज में देने के वाबजूद सास लीलावती के कुचक्र
की शिकार हुई वो रहनेवाली महलों की की रानी के झोपड़पट्टी में रहने के दर्द पर
ललिया के महल में रहने का दर्द कितना गुना भारी पड़ता है,यहां स्त्री के
वर्गीय चरित्र और जातिगत समस्याओं को देखने का एक नया संदर्भ बनता है।
स्त्री-छवि के सवाल पर यहां दोनों तरह के सीरियलों को शामिल करें तो वायनरी
ऑपोजिशन का फार्मूला चरित्रों के बजाय परिस्थितियों पर आकर लागू होता है और
समस्या का दायरा परिवार से बढ़कर समाज तक जाता है। सास-बहू सीरियलों के लगभग
सारे स्त्री-चरित्र घरेलू कुचक्र की शिकार होती हैं। ये सारे चरित्र उच्च
मध्यवर्ग से आते हैं,खाने-पीने और पहनने के स्तर पर कहीं कोई परेशानी नहीं है।
भौतिक स्तर का अभाव नहीं है। आंसुओं को ढोती हुई भी वो गहनों और कीमती पोशाकों
से लदी-फदी स्त्रियां है जो बौद्धिक क्षमता और शिक्षा के स्तर पर यह देश की औसत
स्त्रियों से कई गुना आगे है लेकिन सास की कारवाईयों के आगे घुटने टेक देती
हैं। पति के विवाहेतर संबंधों को चुपचाप बर्दाश्त करती है और कई जगहों पर उसके
प्रति सहानुभूति भी व्यक्त करती है लेकिन कहीं भी किसी भी बात के लिए प्रतिरोध
जाहिर नहीं करती और दिलचस्प है कि करीब सात-आठ सालों तक इन चरित्रों पर आदर्श
बहू का लेबल चस्पाया जाता रहा। मीहान इस तरह की स्त्रियों का विस्तार से चर्चा
करती हैं और स्पष्ट करती हैं कि सीरियल ऐसे चरित्रों को अच्छी स्त्री का दर्जा
देता है। दूसरी तरफ ललिया सास-बहू सीरियलों की चरित्रों-काकुल(जिया जले),रानी(वो
रहनेवाली महलों की) और वैष्णवी(माता की चौकी सजा के रखना) जैसी चरित्रों की
हैसियत के आगे कुछ भी नहीं है। उसके गले में पीतल की ताबीज से लटकी लाल सूत भर
है, निपट है,समाज जिसे सामाजिक तौर पर साक्षर मानता है वो नहीं है लेकिन
सामाजिक तौर पर पितृसत्ता से लगातार टकराती है। उतरन की हिचकी, अम्मो के दर्द
को समझते हुए चमकी के साथ काम करती है,बड़ी होकर स्कूल में पढ़ाती है। पन्द्रह
साल में ही वैधव्य धारण करनेवाली सुगना(बालिका वधू), श्याम से पहले प्रेम और
फिर पुर्नविवाह करने का साहस जुटाती है। बसंत की तीसरी पत्नी बनकर आयी गहना(बालिका
वधू) बसंत की इच्छाओं का प्रतिरोध करती है। ये चरित्र स्त्री-मुक्ति की
संभावनाओं का विस्तार करती नजर आती है जिसे कि स्त्री-विमर्श की मान्यताओं को
भी समर्थन प्राप्त है।

समस्यामूलक सीरियलों के ये वो संदर्भ हैं जो कि भारत सरकार की ओर से सामाजिक
न्याय,पुनर्विवाह,स्त्री अधिकार और साक्षरता मिशन के अधिनियमों को मजबूती
प्रदान करते हैं। सास-बहू सीरियलों के चरित्र जहां परंपरा और संस्कार के नाम पर
विवाह और परिवार संस्था को बचाने की कोशिश में लगे रहे,स्त्री-मुक्ति के नाम पर
अपने को मन का पहनने और शॉपिंग करने तक सीमित कर दिया वहीं समस्यामूलक सीरियलों
के चरित्र जमीनी स्तर पर बदलाव करते नजर आते हैं। टेलीविजन की स्त्री-दर्शक
मूलतः नागरिक हैं और उनके लिए इसी हैसियत से कार्यक्रम प्रसारित किए जाने
चाहिए,इस भरोसे के साथ प्रसारित किए जानेवाले इन नए सीरियलों ने अपने को
सामाजिक विकास के साथ जोड़कर देखने की गुंजिश पैदा की है। इन सीरियलों ने
स्त्री के स्टेटस के सवाल को स्त्री अधिकारों पर लाकर खड़ा किया है।

लेकिन सामाजिक कुरीतियों और समस्याओं को आधार बनाकर दिखाए जानेवाले सीरियलों पर
दूसरे पक्ष से विचार करें तो कुछ अलग ही समझ बनती है। पहली बात तो यह कि हमें
यह ठीक से समझ लेना होगा सास-बहू सीरियलों के एक-एक करके बंद होते जाने के पीछे
टीवी समीक्षकों के प्रयासों के बजाय स्वयं टेलीविजन का अर्थशास्त्र है जिसने
उसे आगे चलने की स्थिति में नहीं रहने दिया और दूसरा समस्यामूलक सीरियलों के
लगातार लोकप्रिय होते रहने की बड़ी वजह टेलीविजन की स्वाभाविकता के संदर्भ
बिन्दु बदल जाने की घटना है। जब हम इन दोनों बातों पर गौर करते हैं तो
समस्यामूलक सीरियलों को सामाजिक विकास का पर्याय मानने में थोड़ी परेशानी जरुर
होती है।

टेलीविजन का एक सर्वभौम फार्मूला है कि वह संदर्भों और घटनाओं को स्वाभाविक
बनाने का काम करे। सास-बहू की लोकप्रियता के जो भी आधार बने और जिसने सीरियल
देखने की संस्कृति को स्थापित किया उसके पीछे भी टेलीविजन का यही फार्मूला काम
करता रहा। करवाचौथ में सारी स्त्रियां उसी तरह से व्रत रखती हैं,उसी तरह से
सजती-संवरती हैं,परिवार को बचाए रखने के लिए उसी रानी की तरह घुट-घुटकर जीती है
जैसा कि क्योंकि सास भी कभी बहू थी,कहानी घर-घर की और वो रहनेवाली महलों की जैसे
सीरियलों में दिखाया जाता है। नतीजा यह होता है कि इसके जरिए एक नए ढंग की
टेलीविजन की प्रस्तावित संस्कृति तो जरुर पनपने लग जाती है जो कि हमें बदलते
फैशन और व्यवहार के तौर पर दिखाई देते हैं लेकिन इससे समाजे के भीतर के
अन्तर्विरोध कम नहीं होते और संभावनाओं के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो जाते
हैं। ऐसे में टेलीविजन समाज की अच्छाई और बुराईयों का विभाजन करने और उसे
रेखांकित करने के बजाय उसे स्वाभाविक करार देता नजर आता है। सास-बहू सीरियलों
की अधिकांश स्थापनाएं स्त्री के विरोध में है लेकिन वो इतनी स्वाभाविक है कि
दर्शकों की ओर से इसे लंबे समय तक स्वीकृति मिल जाती है। इसके ठीक बाद
समस्यामूलक सीरियलों की प्रासंगिकता बढ़ती है तो उसके पीछे भी टेलीविजन द्वारा
स्वाभाविकता के संदर्भ बिन्दु तलाशने का ही फार्मूला काम आता है।

बालिका वधू एक सामाजिक और स्वाभाविक सच है,उतरन के भरोसे सपने बुननेवाले बच्चों
की दुनिया एक स्वाभाविक सच है,शादी-ब्याह में छोटी जाति की स्त्रियों की जरुरत
एक स्वाभाविक सच है(ठकुराइन-धनिया,लड़की को नहाने का पानी डालने के लिए किसी
छोट जात की औरत को लेकर आ..अगले जनम मोहे बीटिया ही कीजौ) और स्त्री के बच्चा
नहीं जनने पर उसे छोड़कर बच्चा पैदा करनेवाली स्त्री के तौर पर दूसरे खिलौने को
लाना स्वाभाविक सच है,( अम्मां- तू बस पुराने खिलौने की जिद पकड़कर बैठ गया। म
तो तनै नया खिलौना दे रही थी।..लाडो न आना इस देश में) समस्यामूलक सीरियलों में
ये सारी स्वाभाविकता शामिल हैं और शुरुआत के एपिसोड को देखकर इसके प्रतिरोध में
कारवाई होने की गुंजाईश बनती नजर आती है। लेकिन तीस-पैंतीस एपिसोड तक समस्याओं
के स्वाभाविक तौर पर उठाए जाने के बाद अतिरेकीपन-आनंदी,ललिया,अम्मो की व्यथा और
दादी सा,अम्माजी और ठकुराइन जैसे चरित्रों के अतिशय क्रूरता के बीच उलझकर रह
जाते हैं। किसी भी स्तर पर प्रतिरोध के बजाय उस संरचना के भीतर जीने की
स्वाभाविकता ज्यादा प्रभावी हो जाती है। ऐसे में स्त्रियों की ये छवि
वास्तविकता को खत्म कर देती हैं और औसत यथार्थ में बदल जाती है। सूसन
सौंटगै छवियों
के जरिए व्यक्त वास्तविकता को इसी रुप में विश्लेषित करती हैं। इसके साथ ही
यहां आकर ये सीरियल सास-बहू सीरियलों की स्वाभाकिता की राह पकड़ लेते हैं जहां
आकर दर्शक इन सीरियलों को सिर्फ परिधान,परिवेश और संदर्भों के स्तर पर इसे अलग
पाता है नहीं तो यहां भी उत्सवधर्मिता है, हरेक मौके पर ईश्वर के आगे जाने का
रिवाज यहां भी कायम है, मुसीबत में भगवान भरोसे छोड़ देने की आदतें है और अपनी
बेहतरी का अंतिम विकल्प पुरुषों की छत्रछाया ही साबित होती है। टश्मान के
शब्दों में इस तरह घिसी-पिटी छवियों को स्थापित करके उसके सांकेतिक
विनाश(symbolic annihilation of women) का काम किया जाता है। यहां भी स्त्री की
कोई स्वतंत्र छवि नहीं बनने पाती है और पुनर्विवाह के लिए हिम्मत
जुटानेवाली बालिका
वधू कीसुगना भी ‘मेरी वजह से मायकेवालों का सिर कभी नीचा न होगा’ के संकल्प के
साथ घर से विदा लेती है। यही पर आकर इन नए समस्यामूलक सीरियलों के लिए जज्बात
के बदलते रंग,टीआरपी का नया फार्मूला और स्त्री समस्याओं को ‘प्लेजर मोड’ में
बदल देने जैसे पदबंधों के इस्तेमाल शुरु हो जाते हैं। शुरुआती एपीसोड में
सीरियलों के लैंडस्केप बदलने के साथ ही इसके कस्बाई,झुग्गियों और टोलों में
स्त्री चरित्र को समझने की जो उम्मीद बंधती है वो पन्द्रह से बीस एपीसोड तक
आते-आते शहर और महलों के सेंट्रिक होकर रह जाते हैं। यहीं पर आकर सामाजिक विकास
के फार्मूले पर सीरियलों की बात करना बेमानी लगने लग जाते हैं। हां इन सबके
वाबजूद इतना जरुर होता है कि स्त्री-दर्शकों का दायरा बढ़ता है,पुरुष दर्शकों
की सीरियल देखने के प्रति मरी इच्छाएं फिर से जन्म लेने लग जाती है और छद्म ही
सही, व्यापक स्तर पर टेलीविजन मनोरंजन के जरिए जागरुकता पैदा करने का काम करता
है,यह भ्रम व्यापक स्तर पर प्रसारित होता है।