Monday, June 21, 2010
युवा पत्रकार
आज एक भावुक और संवेदनशील मीडिया छात्र से बातचीत करके मुझे पंद्रह साल पहले के अपने वो दिन याद आ गये जब मैंने भी समाज के प्रति अपना फर्ज निभाने के लिए वकील के पेशे को छोड़कर पत्रकारिता की राह चुनी थी। उसकी दिल की बातें सुनकर महसूस हुआ कि जो उलझन उस समय थी वो आज भी कुछ युवाओं की है। परिवार की आर्थिक आवश्यकताएं या समाज की बेहतरी के लिए कुछ कर गुजरना। शायद दो छोर हैं जो निरंतर दूर होते जा रहे हैं। मीडिया में नौकरी चाहे किसी भी सेक्टर में हो अब उन्हें पाना भी और निभाना भी दुरूह बनता जा रहा है। व्यक्ति को निचोड़ डालने वाली इन नौकरियों में युवा चाहकर भी मन की कभी नहीं सुन पाता लेकिन पैसा कमाने की चाह में उसी में बना भी रहता है। अपने सपनों और आकांक्षाओं को दरकिनार करता, पीछे धकेलता अंततः अजीब सी मायूसी में घिर जाता है। जबकि कुछ युवा काफी व्यवहारिक भी हैं और बिना किसी आदर्श के मीडिया में केवल इसलिए आते हैं क्योंकि उन्हें झटपट पैसा कमाना है, शोहरत हासिल करनी है और स्थापित होना है। शायद वे कभी इस प्रकार की भावुक उलझन के शिकार नहीं होते। लेकिन क्या हमें मीडिया में इस प्रकार के स्मार्ट और संवेदनहीन ‘प्रोफेशनल्स’ चाहिएं।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment